देहरादून,28 अपै्रल (आरएनएस)। कांग्रेस ने नये वैलीब्रिज को लेकर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कभी भी बड़ी दुर्घटना बरसात या अन्य दिनों में हो सकती है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यकारणी सदस्य उपेंद्र थापली ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जो नया वैलीब्रिज बना है, वह खतरे से खाली नहीं है तथा उसे सपोर्ट लगा कर रोक रखा है। उपेंद्र थापली ने कहा कि उन्होंने अधिशासी अभियंता का वीडियो देखा जिसमें उन्होंने कहा कि पुल पूरी तरह सुरक्षित है। दावा किया कि हकीकत में पुल में कमी है, उसका उद्घाटन रात के अंधेरे में जल्दबाजी में किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार व विभाग पुल में स्टापर को सही बिठाये व जो सपोर्ट लगी है उसे मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित का कार्य कम व व्यक्तिगत हित की बात अधिक करती है। मसूरी में लगातार जाम की स्थिति पर कहा कि मसूरी में पार्किंग की कमी है लेकिन नई पार्किंग नहीं बन रही। पालिका, प्रदेश सरकार व एमडीडीए प्राइवेट लोगों से पार्किंग स्थल बनाने की अनुमति दे ताकि लोग पार्किंग बना सके। कहा कि सरकार के स्तर पर नई पार्किंग बने। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट में दायर याचिका में प्रदेश सरकार के अधिकारियों से इस संबंध में सभी प्रभावित लोगों से बात कर समाधान करने को कहा है। उन्होंने कहा कि मसूरी में सड़कों की हालत खराब है, मसूरी विधान सभा के मसूरी सहित कई क्षेत्रों में सड़कों की दशा खराब है। बड़े ठेकेदारों को टेंडर देने के बाद पेटी पर कार्य दिया जाता है व पेटी वाला भी छोटे कार्यकर्ता को काम देता है, ऐसे में कार्य सही नहीं हो पाएगा। इसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ेगा। इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता भी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

