श्रीनगर,28 अपै्रल (आरएनएस)। कश्मीर में पांच लोगों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद जब्त किया गया है. जिसमें हैंड ग्रेनेड, कारतूस, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामग्री शामिल है. पुलिस ने उनके खिलाफ श्रीनगर के पंथा चौक थाने में गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है.
इनकी पहचान मोहम्मद शफी भट (उर्फ डॉ. शफी), हादी कादिर, मोहम्मद जमाल मीर, मेराजुद्दीन डार (उर्फ मेहरान) और फैयाज अहमद डार के रूप में हुई है. ये सभी श्रीनगर के रहने वाले हैं. यह गिरफ्तारियां श्रीनगर पुलिस द्वारा एक महिला सहित चार आतंकी मददगारों की गिरफ्तारी के ठीक एक हफ्ते के भीतर हुई हैं. इनकी गिरफ्तारी श्रीनगर पुलिस द्वारा लश्कर-ए-तैयबा के एक अंतर-राज्यीय आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने के बाद हुई थी.
अधिकारियों ने कहा कि आतंकी नेटवर्क के खिलाफ यह कार्रवाई आतंकी समूहों के सपोर्ट सिस्टम को खत्म करने की कोशिशों का हिस्सा है, क्योंकि ये मददगार आतंकियों को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं.
सोमवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने लश्कर-ए-तैयबा के इस अंतर-राज्यीय आतंकी मॉड्यूल की जांच अपने हाथ में ले ली. एजेंसी ने दो पाकिस्तानी आतंकवादियों सहित पांचों आरोपियों की कस्टडी हासिल की. जहां दो पाकिस्तानी आतंकवादियों- अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा और उस्मान उर्फ खुबैब को दो दिन की रिमांड दी गई, वहीं तीन स्थानीय आरोपियों को 15 दिन की हिरासत में भेज दिया गया है.
श्रीनगर पुलिस ने पंजाब, हरियाणा और राजस्थान सहित तीन राज्यों में छापेमारी कर इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था. श्रीनगर के एसएसपी जी.वी. संदीप चक्रवर्ती की निगरानी में पुलिस की विशेष टीमों ने इस महीने की शुरुआत में इन राज्यों में छापेमारी की थी. अब एनआईए इनके संपर्कों का पता लगाने के लिए गहराई से जांच करेगी.
जांच के दौरान, अधिकारियों ने पाया कि दोनों पाकिस्तानी आतंकवादी पिछले एक दशक से भारत में सक्रिय थे और अपनी असली पहचान छिपाने के लिए जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रहे थे. अधिकारियों के अनुसार, उनका एक अन्य साथी उमर उर्फ ‘खरगोश’ फर्जी पहचान पर पासपोर्ट बनवाकर देश से बाहर भागने में सफल रहा. माना जा रहा है कि उसने पहले इंडोनेशिया और फिर सऊदी अरब की यात्रा की. जांच के दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ भी की गई है.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

