वाशिंगटन, 29 अपै्रल। अमेरिका के पासपोर्ट में एक नया और बड़ा बदलाव दिखने जा रहा है। इस पर अब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर नजर आएगी। यह लंबे समय से चली आ रही परंपराओं से हटकर एक नई पहल होगी। यह पुष्टि व्हाइट हाउस ने की है। उसने पासपोर्ट की तस्वीर साझा कर लिखा, देशभक्त पासपोर्ट अनलॉक हो गया। लिमिटेड एडिशन। अमेरिका 250 के लिए स्टैम्प किया गया। विशेष पासपोर्ट जुलाई में अमेरिकी स्वतंत्रता घोषणापत्र की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जारी होंगे।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगोट ने कहा, जुलाई में अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में, विदेश विभाग इस ऐतिहासिक अवसर को मनाने के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए सीमित संख्या में अमेरिकी पासपोर्ट जारी करने की तैयारी कर रहा है। पासपोर्ट के डिज़ाइन में स्वतंत्रता घोषणापत्र के ऊपर ट्रंप की आधिकारिक तस्वीर लगाई गई है, साथ ही उनके सुनहरे हस्ताक्षर भी हैं। एक अन्य तस्वीर में अमेरिकी संस्थापकों का एक ऐतिहासिक चित्र भी है।
विदेश विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि ट्रंप की थीम वाले पासपोर्ट कुछ सीमित संख्या में केवल वाशिंगटन में ही उपलब्ध होंगे और इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कोई आवेदक स्मारक संस्करण लेने से मना कर सकता है या नहीं। बता दें कि अमेरिका के मौजूदा पासपोर्टों में चंद्रमा पर उतरने के दृश्य और स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी जैसे ऐतिहासिक स्थल शामिल हैं।
दूसरी बार अमेरिका की सत्ता में लौटने के बाद से, ट्रंप ने सरकारी संस्थानों पर अपना नाम और छवि लगातार स्थापित की है। वाशिंगटन में कई संघीय भवनों पर राष्ट्रपति की तस्वीर वाले बैनर हैं, जबकि कैनेडी सेंटर और भंग किए गए यूएस इंस्टीट्यूट ऑफ पीस जैसे संस्थानों को डोनाल्ड जे ट्रंप शांति संस्थान किया गया है। पिछले महीने, अमेरिकी वित्त विभाग ने घोषणा की कि अमेरिकी मुद्रा पर ट्रंप के हस्ताक्षर दिखने लगेंगे, जो एक और अभूतपूर्व कदम है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

