वाशिंगटन,29 अपै्रल। अमेरिकी नौसैनिकों ने अरब सागर में एक वाणिज्यिक जहाज पर धावा बोला क्योंकि उन्हें संदेह था कि जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिका द्वारा लगाए गए नाकाबंदी का उल्लंघन कर ईरान जा रहा था.
अमेरिकी सेंट्रल कमान ने कहा कि एम/वी ब्लू स्टार 3 नाम के इस वाणिज्यिक जहाज की तलाशी ली गई और बाद में उसे छोड़ दिया गया क्योंकि यह पुष्टि हो गई कि वह किसी ईरानी बंदरगाह की ओर नहीं जा रहा था.
सेंट्रल कमान ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सुबह अरब सागर में अमेरिकी मरीन सैनिकों ने एम/वी ब्लू स्टार 3 वाणिज्यिक जहाज पर धावा बोल कर कार्रवाई की. सैनिकों ने जहाज की तलाशी लेने और इस बात की पुष्टि होने पर कि जहाज किसी ईरानी बंदरगाह पर नहीं रुकेगा, उसे जाने दिया. सेंट्रल कमान ने बताया कि नाकाबंदी का पालन सुनिश्चित करने के लिए 39 जहाजों का मार्ग बदला गया है.
28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजराइल द्वारा मिलकर ईरान के खिलाफ युद्ध छोडऩे के बाद से होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजार प्रभावित हुआ है और लंबे समय तक आर्थिक नुकसान की आशंका बढ़ गई है. इस नाकाबंदी के कारण क्षेत्र के विभिन्न बंदरगाहों पर कई जहाज लंगर डाले हुए हैं.
सेंट्रल कमान ने कहा, ईरान के खिलाफ अमेरिकी नाकाबंदी से पहले औसतन प्रतिदिन पांच जहाज ईरान के चाबहार बंदरगाह पर लंगर डाले रहते थे. वर्तमान में 20 से अधिक जहाज चाबहार में ही हैं क्योंकि अमेरिकी सेना ने नाकाबंदी के दौरान ईरान से आर्थिक व्यापार को रोक दिया है.
समुद्री यातायात निगरानी वेबसाइट के अनुसार, एम/वी ब्लू स्टार 3 कोमोरोस के ध्वज के तहत चलने वाला एक कंटेनर जहाज है और यह ओमान के सोहार बंदरगाह की ओर जा रहा था.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

