नई दिल्ली,29 अपै्रल (आरएनएस)। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने संसद सुरक्षा में चूक के चार आरोपियों की न्यायिक हिरासत 4 मई तक बढ़ा दी है. एडिशनल सेशंस जज अमित बंसल ने मामले की अगली सुनवाई 4 मई को करने का आदेश दिया.
बुधवार को कोर्ट ने आरोपी अमोल धनराज की ओर से पेश वकील बलराज सिंह मलिक की आरोपों पर दलीलें सुनी. सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस की ओर से दलीलें रखने के लिए समय देने की मांग की गई क्योंकि दिल्ली पुलिस की ओर से दलीलें रखने के लिए स्पेशल पब्लिक प्रोसिक्यूटर अखंड प्रताप सिंह उपलब्ध नहीं थे. उसके बाद कोर्ट ने 4 मई को अगली सुनवाई करने का आदेश दिया. कोर्ट ने चार आरोपियों की न्यायिक हिरासत भी 4 मई तक बढ़ाने का आदेश दिया.
बुधवार को सुनवाई के दौरान इस मामले के सभी आरोपी कोर्ट में पेश हुए. इस मामले में 13 मार्च को दिल्ली हाईकोर्ट ने संसद सुरक्षा चूक की आरोपी नीलम आजाद की जमानत की शर्तों में बदलाव करते हुए उसे अपने गृह जिले हरियाणा के जींद में रहने की इजाजत दे दी थी. हाईकोर्ट ने जमानत की शर्तों में बदलाव करते हुए हर महीने की 15 तारीख को संबंधित जांच अधिकारी को रिपोर्ट करने का आदेश दिया था.
इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने 2 जुलाई 2025 को इस मामले के दो आरोपियों नीलम आजाद और महेश कुमावत को जमानत दी थी. दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 15 जुलाई 2024 को पूरक चार्जशीट दाखिल की थी. दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा मामले में 186, 353, 153, 452, 201, 34, 120बी और यूएपीए की धारा 13, 16, 18 के तहत चार्जशीट दाखिल की थी.
दिल्ली पुलिस ने 7 जून 2024 को पहली चार्जशीट दाखिल की थी. दिल्ली पुलिस ने जिन आरोपियों के खिलाफ यूएपीए की धाराओं के तहत चार्जशीट दाखिल की है उनमें मनोरंजन डी, ललित झा, अमोल शिंदे, महेश कुमावत, सागर शर्मा और नीलम आजाद शामिल हैं. दिल्ली पुलिस की ओर से दाखिल पहली चार्जशीट करीब एक हजार पन्नों की है.
घटना 13 दिसंबर 2023 की है जब संसद की विजिटर गैलरी से दो आरोपी चैंबर में कूदे. कुछ ही देर में एक आरोपी ने डेस्क के ऊपर चलते हुए अपने जूतों से कुछ निकाला और अचानक पीले रंग का धुआं निकलने लगा. इस घटना के बाद सदन में अफरातफरी मच गई.
हंगामे और धुएं के बीच कुछ सांसदों ने इन युवकों को पकड़ लिया और इनकी पिटाई भी की. कुछ देर के बाद संसद के सुरक्षाकर्मियों ने दोनों युवकों को कब्जे में ले लिया. संसद के बाहर भी दो लोग पकड़े गए जो नारेबाजी कर रहे थे और पीले रंग का धुआं छोड़ रहे थे.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

