नई दिल्ली,29 अपै्रल (आरएनएस)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के शाहदरा उत्तरी जोन कार्यालय में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक एएसआई ने कार्यालय के तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी. मृतक की पहचान राजकुमार सोलंकी के रूप में हुई है, जो निगम के डेम्स विभाग में तैनात थे और पिछले करीब छह महीने से निलंबित चल रहे थे. मिली जानकारी के अनुसार राजकुमार सोलंकी लंबे समय से बहाली न होने के कारण मानसिक तनाव में थे.
बताया जा रहा है कि उन्होंने कई बार बहाली के प्रयास किए, लेकिन कोई ठोस निर्णय न होने से वह अवसाद में चले गए थे. बुधवार को अचानक उन्होंने कार्यालय जाकर जान दे दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके.
वहीं इस मामले को लेकर कुछ कर्मचारियों ने रोष भी व्यक्त किया. मामले पर शाहदरा साउथ जोन के चेयरमैन पुनीत शर्मा ने बताया कि राजकुमार को काम में लापरवाही और शराब पीने की शिकायतों के चलते करीब तीन महीने पहले निलंबित किया गया था. वहीं, इससे पहले तत्कालीन निगम उपायुक्त अभिषेक मिश्रा द्वारा भी उनके खिलाफ कार्रवाई की गई थी. फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद निगम कार्यालय में शोक और चिंता का माहौल है.
००

