रायपुर, 30 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के सड्डू क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक मल्टीलेयर प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा गोदाम इसकी चपेट में आ गया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए पांच फायर ब्रिगेड वाहन लगाए गए हैं, जबकि अतिरिक्त गाडिय़ों को भी मौके पर बुलाया जा रहा है। पुलिस और दमकल की संयुक्त टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती गई, जिससे हालात को नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
घटना के दौरान कवरेज के लिए पहुंचे पत्रकारों को फैक्ट्री परिसर में प्रवेश से रोका गया। रिपोर्टिंग कर रहे मीडिया कर्मियों के साथ कथित तौर पर दुव्र्यवहार की भी जानकारी सामने आई है, जिससे पत्रकारों में नाराजगी देखी जा रही है।
यह मामला विधानसभा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। आग पर पूरी तरह नियंत्रण के बाद ही नुकसान का आकलन और घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
0

