रायपुर ग्रामीण / अभनपुर 19 जून (आरएनएस) पड़ोसी की नीयत ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। घर में अकेली महिला को देखकर आरोपी ने पहले प्यार का इजहार किया, फिर चाकू की नोक पर उसे बंधक बनाकर करीब दो घंटे तक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद उसने महिला के फोटो और वीडियो बनाकर किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की सूचना पर अभनपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना 18 जून 2026 की है। पीड़िता, उसका पति तथा आरोपी भास्कर जना मूल रूप से ओडिशा के निवासी हैं और वर्तमान में ग्राम कोलार, न्यू शांति नगर, अभनपुर में एक ही मकान के अलग-अलग हिस्सों में किराए से रहते हैं। सभी आकृति बिस्किट फैक्ट्री में कार्यरत हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से अपने पड़ोसी की पत्नी पर बुरी नजर रखता था। घटना वाले दिन वह अपनी पत्नी और पीड़िता के पति के साथ फैक्ट्री गया, लेकिन दोपहर में मौका देखकर घर लौट आया। उसे पहले से पता था कि महिला घर में अकेली है। आरोप है कि उसने जबरन घर में प्रवेश कर कमरे का दरवाजा बंद किया, चाकू दिखाकर महिला को डराया और उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने मोबाइल से फोटो और वीडियो भी बना लिए।
किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलने के बाद पीड़िता ने अपने पति को फोन कर पूरी घटना बताई। पति, आरोपी की पत्नी और मकान मालकिन जब घर पहुंचे और आरोपी से सवाल किया तो वह चाकू लेकर उन पर हमला करने दौड़ पड़ा। इसी दौरान मकान मालकिन ने डंडे से उसके सिर पर वार किया, जिसके बाद आसपास के लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर प्राथमिक उपचार कराया। पीड़िता की शिकायत पर अपराध क्रमांक 199/2026 में धारा 64, 351(2) एवं 333 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी अभनपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीड़िता, उसके पति और मकान मालकिन के बयान दर्ज किए तथा आरोपी भास्कर जना (23 वर्ष), पिता परमेश्वर जना, निवासी ग्राम पितामाहुल, थाना सुबलाया, जिला सोनापुर (ओडिशा), वर्तमान निवासी ग्राम कोलार, न्यू शांति नगर, अभनपुर, रायपुर को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
बहरहाल, यह घटना महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर तत्काल कार्रवाई की जरूरत को एक बार फिर सामने लाती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


