रायपुर, 30 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 18 ग्राम हेरोइन, एक थार वाहन और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 11 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल को सूचना प्राप्त हुई थी कि अमलीडीह स्थित स्टार वैली स्कूल के पास एक काले रंग की थार में सवार कुछ लोग मादक पदार्थ की बिक्री की तैयारी में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन को घेराबंदी कर रोका और उसमें सवार तीनों युवकों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने नाम प्रतीक सिंह, खालिद खान और दीपक कोसरिया बताए। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में न्यू राजेंद्र नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस अवैध नेटवर्क के अन्य कडिय़ों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

