जांजगीर-चांपा,30 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के बलौदा क्षेत्र में नवविवाहिता ललिता मिरि की संदिग्ध मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शुरुआती तौर पर इसे करंट लगने से हुई मौत बताया जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस दावे को गलत साबित कर दिया। पुलिस जांच में यह मामला सुनियोजित हत्या का निकला, जिसमें आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतका का पति ही है।पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात आरोपी महेंद्र कुमार मिरि ने अपनी पत्नी ललिता की गला दबाकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि अवैध संबंध के शक को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो इस वारदात की वजह बना।हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से बाथरूम में बाल्टी और इमर्शन रॉड का इस्तेमाल कर करंट से मौत का नकली दृश्य तैयार किया और घटना को हादसा बताकर पुलिस को सूचना दी। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने गहन जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।जानकारी के मुताबिक, दोनों का प्रेम विवाह करीब दो साल पहले हुआ था और उनका एक साल का बच्चा भी है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

