रायपुर,30 अप्रैल (आरएनएस)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा के लिए आयोजित छत्तीसगढ़ विधानसभा के विशेष सत्र के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। सत्र समाप्त होने के बाद भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर एक-दूसरे पर जमकर निशाना साधा और अपनी-अपनी पार्टी का पक्ष रखा।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने मीडिया से बातचीत में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब संसद में महिला आरक्षण से जुड़ा बिल लाया गया, तब कांग्रेस ने उसका समर्थन क्यों नहीं किया। किरण देव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस विधेयक को कमजोर करने का प्रयास किया और उसकी नीयत पर सवाल खड़े किए।वहीं, कांग्रेस विधायक रामकुमार यादव ने भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को सम्मान और अवसर देने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि देश में महिलाओं को नेतृत्व के केंद्र में लाने का श्रेय कांग्रेस को जाता है। यादव ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि उसकी वैचारिक पृष्ठभूमि में महिलाओं की भागीदारी सीमित रही है और वह महिलाओं के हितों के प्रति गंभीर नहीं है।उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने कभी दिखावे की राजनीति नहीं की, बल्कि वास्तविक रूप से महिलाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए आगाह किया कि दिखावे की राजनीति से लोकतंत्र को नुकसान हो सकता है।महिला आरक्षण के मुद्दे पर दोनों दलों के बीच यह बयानबाजी आने वाले समय में राजनीतिक माहौल को और गर्माने के संकेत दे रही है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

