० सुकमा जिले के टॉपर बने शिवांगी और शेख जसमीन बने
सुकमा, 30 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणामों में सुकमा जिले ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेशभर में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। जिले ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश स्तर पर 7वां स्थान प्राप्त किया है। इस सफलता पर कलेक्टर अमित कुमार, जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर एवं जिला शिक्षा अधिकारी जी.आर. मंडावी ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
कक्षा 10वीं के परिणामों में सुकमा जिले का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। कुल 2013 विद्यार्थियों में से 1835 छात्र-छात्राएं सफल हुए और जिले ने 91.29प्रतिशत सफलता प्रतिशत दर्ज किया। परिणामों में 1148 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी, 673 ने द्वितीय श्रेणी तथा 14 विद्यार्थियों ने तृतीय श्रेणी प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
हाईस्कूल परीक्षा में कु. शिवांगी सिंह परिहार (स्वामी आत्मानंद स्कूल, छिंदगढ़) ने 97.33प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कु. सना निशा (मदर टेरेसा अंग्रेजी माध्यम स्कूल, सुकमा) ने 95.50प्रतिशत के साथ दूसरा और उमर खान (स्वामी आत्मानंद स्कूल, कोंटा) ने 94.67प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने जिले की शैक्षणिक उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए।
कक्षा 12वीं में भी सुकमा जिले ने सराहनीय प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में 23वां स्थान प्राप्त किया। कुल 1413 परीक्षार्थियों में से 1137 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए और जिले का सफलता प्रतिशत 80.63प्रतिशत रहा। इस परीक्षा में कु. शेख जसमीन (स्वामी आत्मानंद स्कूल, दोरनापाल) ने 92प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान, कु. जमुना (स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल, तालनार) ने 90.80प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान तथा आयान मैथ्यू (आईएमएसटी अंग्रेजी माध्यम स्कूल, सुकमा) ने 88.40प्रतिशत के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। जिले की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने खुशी जताते हुए विद्यार्थियों की मेहनत और लगन की सराहना की है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

