कोंडागांव, 30 अप्रैल (आरएनएस)। जिला प्रशासन कोंडागांव ने यूनिसेफ इंडिया एवं सेंटर फार मेंटल हेल्थ लॉ एंड पॉलिसी के सहयोग से 29-30 अप्रैल 2026 को जनपद पंचायत के सभा कक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। यह प्रशिक्षण भारत में बाल संरक्षण प्रणालियों में मानसिक स्वास्थ्य एवं मनोसामाजिक देखभाल के एकीकरण विषय पर केंद्रित था।
यह प्रशिक्षण प्रस्तावित चार चरणों की श्रृंखला का पहला चरण है। प्रशिक्षण में बाल कल्याण समिति के सदस्य, चाइल्ड लाइन काउंसलर , सुपरवाइजऱ एवं चाइल्ड केयर संस्थानों के स्टाफ ने भाग लिया। साथ ही कैटेलिस्ट फॉर सोशल एक्शन के परामर्शदाताओं ने भी सहभागिता की। प्रशिक्षण का संचालन सीएमएचएलपी के स्पंदना एवं चेतना द्वारा किया गया और यूनिसेफ की जिला परामर्शदाता आमला प्रभा ने सहयोग प्रदान किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बाल मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न आयामों से अवगत कराया गया। सत्रों में गतिविधियों एवं रोल-प्ले जैसे इंटरैक्टिव माध्यमों के जरिए बच्चों से संबंधित समस्याओं की पहचान एवं उनके समाधान के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान जिला बाल संरक्षण अधिकारी नरेंद्र सोनी ने प्रशिक्षण का अवलोकन किया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए इस पहल के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

