कोंडागांव,19 जून (आरएनएस) । जिले के फरसगांव विकासखंड के ग्राम कोटपाड में एक दर्दनाक हादसे में नाले में डूबने से दो चचेरे मासूम भाइयों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, 6 वर्षीय साजन पोयाम (पिता- केशव पोयाम) और 7 वर्षीय ऋषभ पोयाम (पिता- तेजराज पोयाम) बुधवार को गांव के नाले में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों बच्चे गहरे गड्ढे में चले गए और डूब गए। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। नाले के किनारे बच्चों के कपड़े मिलने के बाद ग्रामीणों ने खोजबीन की और रात करीब 8 बजे दोनों के शव पानी से बाहर निकाले।घटना की सूचना मिलते ही बड़ेडोगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।यह हादसा इसलिए भी बेहद दर्दनाक है क्योंकि दोनों बच्चे अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। ऋषभ अपने माता-पिता की अकेली संतान था, जबकि साजन की एक बड़ी बहन है और वह परिवार का इकलौता बेटा था। साजन की मां पूर्णिमा पोयाम कोटपाड क्षेत्र की जनपद सदस्य हैं।एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की असमय मौत से पूरे कोटपाड गांव में मातम पसरा हुआ है। गांव में हर आंख नम है और लोग शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
०००
Login
What's Hot
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

