नईदिल्ली,30 अपै्रल (आरएनएस)। दिल्ली में एक बार फिर तेज रफ्तार कार का कहर दिखा है। गुरुवार को बाहरी दिल्ली के डाबरी फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार कार ने डिलीवरी बॉय को टक्कर मार दी। युवक टक्कर लगने के बाद फ्लाईओवर से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय जोमैटो कर्मी राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर स्कूटी और एक मारुति स्विफ्ट कार दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली है। कार चालक फरार है।
पुलिस ने बताया कि घटना के समय राजकुमार स्कूटी पर सवार थे, तभी पीछे से आ रही कार ने उनको टक्कर मार दी। वह झारखंड के गोड्डा के निवासी थे। हादसे में स्कूटी कार के नीचे फंस गई और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायल युवक को अस्पताल ले गए थे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस का कहना है कि कार दिल्ली में पंजीकृत है और मालिक डाबड़ी का निवासी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी कार चालक को पकडऩे के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार चालक स्कूटी में टक्कर मारने के बाद कार छोड़कर तुरंत भाग गया था। घटना की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए जा रहे हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

