नईदिल्ली,30 अपै्रल (आरएनएस)। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को गुरुवार को अचानक हुई बारिश से राहत मिल गई। बारिश से पहले तेज हवाएं चलीं और मौसम सुहावना हो गया। दिल्ली के अलावा गाजियाबाद, नोएडा, साहिबाबाद समेत हरियाणा के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश हुई है। कुछ जगहों पर जमकर ओलावृष्टि भी हुई। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में काले बादल छाने से तेज धूप से राहत मिली। हालांकि, उमस कम नहीं हुई है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बारिश के साथ ही दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने गरज, बिजली और 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश की चेतावनी दी गई है। साथ ही, नोएडा और गाजियाबाद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें शाम को भारी बारिश और गरज के साथ तूफान आने की संभावना है।
उत्तर भारत के अधिकतर प्रदेशों में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख रहा है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली है। इससे तापमान में कुछ हद तक गिरावट आएगी। राजस्थान के जयपुर और कोटा समेत कई जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं से तापमान गिरा है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 2 दिन तक ऐसा ही मौसम रहेगा, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

