रायपुर, 01 मई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना मौदहापारा क्षेत्र में रजबंधा मैदान के पास पुलिस ने औचक कार्रवाई करते हुए एक युवक को चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 की शाम थाना मौदहापारा पुलिस टीम थाना प्रभारी निरीक्षक शक्ति सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र में अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान रजबंधा मैदान के पास स्थित एक चाय ठेले के आसपास चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस को एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया और हथियार को जब्त कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जाफर अली पिता शमशाद अली, उम्र 19 वर्ष, निवासी धरसीवां बताया है। पुलिस के अनुसार, युवक के पास से मिला चाकू अवैध था और इसके रखने के पीछे उसका कोई वैध कारण नहीं बताया जा सका। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मौदहापारा में आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल था या नहीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम के लिए इस तरह के चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। विशेष रूप से सार्वजनिक स्थानों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

