रामानुजगंज, 01 मई (आरएनएस)। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर कनहर नदी तट स्थित प्राचीन राम मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार और यज्ञ की पवित्र अग्नि से आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर हो उठा। इस अवसर पर पतंजलि कायाकल्प योग कक्षा, रामानुजगंज द्वारा भव्य सामूहिक हवन का आयोजन किया गया, जिसमें नगर के अनेक साधकों ने श्रद्धा और समर्पण के साथ आहुति अर्पित कर विश्व शांति एवं मानव कल्याण की कामना की।
योग कक्षा की संचालिका आरती वाजपेई ने बताया कि पतंजलि कायाकल्प योग कक्षा की गतिविधियां केवल रामानुजगंज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मध्य प्रदेश के अशोक नगर, ग्वालियर और भोपाल में भी ऑफलाइन कक्षाओं के साथ-साथ यूट्यूब के माध्यम से ऑनलाइन संचालित की जा रही हैं। प्रतिदिन सैकड़ों साधक इन कक्षाओं से जुड़कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पूर्णिमा और विशेष पर्वों पर हवन-यज्ञ का आयोजन संस्था की प्रमुख विशेषता बन चुका है।
साधकों ने दी आहुति
हवन कार्यक्रम में आरती-ज्ञानेंद्र वाजपेई, सिमी गुप्ता, सोनिया ओइमा, ममता ठाकुर, रामावतार कश्यप, अमित जायसवाल (पुत्री नीतिज्ञा सहित), अरविंद दुबे, संतोष गुप्ता, अनूप गुप्ता (पुत्री खुशी सहित), प्रमोद केसरी, बृजेश केसरी, प्रेम गुप्ता, अलोकिक गुप्ता, डॉ. राकेश गुप्ता, अभिषेक जायसवाल एवं अविनाश गुप्ता सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गायत्री मंत्र के साथ आहुति अर्पित की।
अध्यक्षा करुणा दीदी के मार्गदर्शन में यह योग कक्षा प्रतिदिन प्रात: 5:00 से 7:15 बजे तक नि:शुल्क संचालित की जाती है, जिसमें बच्चे, महिलाएं और पुरुष बड़ी संख्या में नियमित रूप से भाग लेते हैं और स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
समिति द्वारा योग के साथ-साथ वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर एवं स्वच्छता अभियान जैसे सामाजिक कार्य भी समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं। अंत में संचालिका आरती वाजपेई ने नगरवासियों से इस नि:शुल्क योग अभियान से जुडऩे का आह्वान किया।
योग: कर्मसु कौशलम्
स्वस्थ तन, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग अपनाने की अपील की गई।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

