जेवर,01 मई (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान को लेकर इंतजार खत्म हो गया है। यहां से 15 जून से उड़ान शुरू होगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहली उड़ान इंडिगो की होगी, आगे चलकर अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी यहां से उड़ानें संचालित करेंगी। अभी केवल घरेलू उड़ानों को भी अनुमति दी जाएगी। साथ ही, 15 जून से ही हवाई अड्डे से कार्गो सेवाएं भी शुरू हो जाएंगी।
हवाई अड्डे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च में उद्घाटन किया था, जिसके बाद सभी जरूरी प्रक्रियाएं और अनापत्ति प्रमाणपत्र से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अभी पहले चरण के तहत हवाई अड्डे की शुरूआत होगी, इसके बाद धीरे-धीरे पूरे हवाई अड्डे को यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। फिलहाल, अभी हवाई अड्डा प्रतिवर्ष 1.20 करोड़ यात्रियों को संभालेगा, बाद में इसे 7 करोड़ तक बढ़ाया जा सकेगा।
यह भारत का पहला हवाई अड्डा है, जहां प्रवेश से लेकर विमान में बैठने पर पूरी प्रक्रिया कागजरहित होगी। यात्रियों को डिजी यात्रा ऐप डाउनलोड करना होगा, ताकि बिना पहचानपत्र दिखाए प्रवेश मिलेगा। सुरक्षा जांच और बोर्डिंग द्वार पर ऑटोमैटिक बायोमेट्रिक सिस्टम लगा होगा, जिससे लंबी लाइनों से छुटकारा मिलेगा। यात्री अपने स्मार्टफोन ऐप से अपने बैग का स्थान देख सकेंगे, जिससे उसके खोने और देरी की चिंता समाप्त होगी। हवाई अड्डे पर एआई कियोस्क आपके सवालों का जवाब देंगे।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

