जांजगीर-चांपा, 01 मई (आरएनएस)। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 204 पाव शराब जब्त की है। इस मामले में एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।
दरअसल, अकलतरा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक टीवीएस एक्सल वाहन में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तरौद चौक में घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान दो आरोपी—सहदेव बंजारे और शंकर खाण्डे को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले ही करीब 100 पाव शराब अल्का बंजारे के घर में उतार चुके हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके से 100 पाव शराब और बाइक जब्त की।
पुलिस ने महिला आरोपी अल्का बंजारे के घर पर भी दबिश दी। दरवाजा नहीं खोलने पर पंचनामा और वीडियोग्राफी के बाद दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। कुल मिलाकर 204 पाव अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 8,580 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में अकलतरा थाना पुलिस की टीम का सराहनीय योगदान रहा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

