० कठिया शिविर में तत्काल समाधान, कहा कि आने-जाने के लिए किसी पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी
रायपुर, 01 मई (आरएनएस)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में लोगों की समस्याओं, मांगों और शिकायतों का समाधान तो किया जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से भी लाभान्वित किया जा रहा है। इसके लिए गांव-गांव में सुशासन तिहार 2026 के तहत शिविर लगाए जा रहे हैं। अभनपुर विकासखंड के ग्राम कठिया में आज जिले के पहले जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन हुआ। इस शिविर में पहुंचे ग्राम कठिया के ही दिव्यांग योगेश यादव की मांग का तत्काल समाधान किया गया। यादव ने अपने लिए मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल की मांग करते हुए आवेदन दिया था। यादव के आवेदन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए समाज कल्याण विभाग द्वारा उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल मुहैय्या कराई गई। कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने यादव को ट्राइसाइकिल प्रदान किया।
योगेश यादव काइफोसिस से पीडि़त है तथा 80 प्रतिशत अस्थि बाधित है। इस कारण वे चल नहीं पाते हैं। इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए उन्होंने सुशासन तिहार में आवेदन दिया था। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार उनके जीवन में खुशी लेकर आई है। यादव कहते हैं कि अब उन्हें कहीं भी आने-जाने के लिए किसी पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी, साथ ही समय का भी बचत होगा। ट्राईसाइकिल के माध्यम से वे अपनी जरूरतों के हिसाब से आना-जाना कर सकेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सुशासन तिहार की वजह से उनकी समस्या का समाधान हो पाया है।
०


