रायपुर, 01 मई (आरएनएस)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा की तिथियों में किए गए बदलाव का स्वागत किया है। श्री टिकरिहा ने परीक्षा की पूर्व घोषित तिथियों (16, 17, 18 व 19 मई) को संशोधित कर नई तिथियां (6, 7, 8 व 9 जून) घोषित करने के निर्णय को परीक्षार्थियों के हित में बताया है।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्री टिकरिहा ने कहा कि प्रदेश के हजारों अभ्यर्थी लम्बे समय से तैयारी के लिए अतिरिक्त समय की मांग कर रहे थे। भीषण गर्मी और चुनावी व्यस्तताओं के बीच मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह निर्णय एक बड़ी राहत लेकर आया है। श्री टिकरिहा ने कहा कि परीक्षा तिथियों के आगे बढऩे से अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के विस्तृत पाठ्यक्रम को दोहराने के लिए बहुमूल्य 20 दिनों का अतिरिक्त समय प्राप्त होगा। यह निर्णय दर्शाता है कि वर्तमान प्रशासन युवाओं की जायज मांगों को सुनने और उन पर सकारात्मक कदम उठाने में विश्वास रखता है। श्री टिकरिहा ने विश्वास जताया कि संशोधित तिथियों से परीक्षार्थी मानसिक रूप से अधिक सुदृढ़ होकर परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे, जिससे प्रदेश को बेहतर प्रशासनिक सेवा अधिकारी प्राप्त होंगे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

