सीतापुर 1 मई (आरएनएस)। मानपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी भाभी गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार, खैराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सराय निवासी श्याम सुंदर (30) पुत्र रामचंद्र अपनी भाभी के साथ मोटरसाइकिल से बिसवां जा रहे थे। तभी मानपुर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने श्याम सुंदर को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी भाभी की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है, वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

