राँची 1 मई (आरएनएस)। तालीम की अहमियत को समाज में मजबूत करने और बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसाइटी, राँची ने एक सराहनीय पहल करते हुए जरूरतमंद एवं मेधावी छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की। संस्था द्वारा तीन छात्राओं को आर्थिक सहयोग देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस क्रम में ग्लोबल कॉन्वेंट स्कूल, दीपाटोली की एक प्रतिभाशाली छात्रा को रु 5,000 की छात्रवृत्ति दी गई। वहीं हिंदपीरी क्षेत्र की दो अन्य छात्राओं को क्रमश: रु 5,000 और रु 4,000 के चेक प्रदान किए गए, जिससे वे अपनी आगे की पढ़ाई बिना किसी आर्थिक बाधा के जारी रख सकें। यह सहयोग उन छात्राओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं। कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा ही समाज को सशक्त, जागरूक और प्रगतिशील बनाने का सबसे सशक्त माध्यम है। खासकर बेटियों की शिक्षा पर ध्यान देना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, क्योंकि शिक्षित बेटियां न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज के विकास में अहम भूमिका निभाती हैं।
फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसाइटी, राँची पिछले कई वर्षों से तालीमी जागरूकता, सामाजिक उत्थान और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। संस्था द्वारा समय-समय पर आर्थिक सहायता, शैक्षणिक मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देकर छात्रों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩे का प्रयास किया जाता रहा है। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष तनवीर अहमद ने कहा कि आगे भी इस तरह की पहल जारी रहेगी और अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। महासचिव कमर सिद्दीकी और सचिव सोहैल अख्तर ने भी छात्राओं को मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष तनवीर अहमद, महासचिव कमर सिद्दीकी, सचिव सोहैल अख्तर सहित संस्था के सदस्य मो. नौशाद आलम उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

