गरियाबंद, 02 मई (आरएनएस)। जिले में तेंदूपत्ता संग्रहण शुरू होते ही जंगल क्षेत्रों में जंगली जानवरों की सक्रियता बढ़ गई है। इसी बीच सड़क पारसोली वन परिक्षेत्र के हरदी गांव में भालुओं के हमले की घटना सामने आई है, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, हरदी गांव के ग्रामीणों का एक समूह तेंदूपत्ता तोडऩे के लिए जंगल गया हुआ था। इसी दौरान अचानक 6 भालुओं के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। भालुओं को देखकर ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन भालुओं ने उनका पीछा करते हुए हमला कर दिया।
इस हमले में दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी तरह दोनों ने अपनी जान बचाई और घटना की जानकारी परिजनों को दी। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
घटना के बाद से इलाके के ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। वहीं, वन विभाग से जंगल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की जा रही है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

