ऋषिकेश,02 मई (आरएनएस)। डोईवाला के भानियावाला क्षेत्र में जंगल से भटककर एक सांभर रिहायशी इलाके में पहुंच गया। आबादी क्षेत्र में जंगली जानवर के पहुंचने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हलचल बढ़ गई। मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग और नगर पालिका ने आपसी समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई करते हुए उसका रेस्क्यू किया और जंगल में छोड़ा। शनिवार को भनियावाला में वार्ड नंबर 10 के सभासद ईश्वर रौथान को जैसे ही सांभर के रिहायशी क्षेत्र में होने की जानकारी मिली, उन्होंने वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना पर वन विभाग की टीम नगर पालिका कर्मियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से मौके पर पहुंची। रेस्क्यू के दौरान क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखी गई और अनावश्यक भीड़ को दूर किया गया, ताकि कार्यवाही सुरक्षित ढंग से पूरी की जा सके। नगर पालिका की कैटल कैचर की मदद से सांभर को सावधानीपूर्वक काबू में लिया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे लच्छीवाला जंगल क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया। लच्छीवाला रेंज अधिकारी मेधावी कीर्ति ने कहा कि पूरी सावधानी बरतते हुए सांभर को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित रेस्क्यू कर लच्छीवाला जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

