ऋषिकेश,02 मई (आरएनएस)। चारधाम यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है। अभीतक तीन से चार हजार ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन ऋषिकेश में हो रहे थे, जोकि शनिवार को दोगुना होते हुए छह हजार को भी पार गए। तेजी से बढ़ रही यात्रियों की संख्या से निर्भर स्थानीय निजी परिवहन व अन्य कारोबारियों के चेहरों पर मुस्कान है। उन्हें इस साल की यात्रा में आर्थिकी बेहतर होने की उम्मीद है। शनिवार को ऋषिकेश में चारधाम ट्रांजिट केंद्र तीर्थयात्रियों और उनके वाहनों से पूरी तरह से पैक दिखा। मध्यप्रदेश के 60 यात्रियों के दल ने पहले रजिस्ट्रेशन और फिर हेल्थ स्क्रीनिंग कराने के बाद जयकारों के साथ यात्रा शुरू की। इसी तरह से आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, उड़ीसा समेत विभिन्न राज्यों के यात्रियों के जत्थे भी ट्रांजिट केंद्र में विश्राम करते नजर आए। यात्रा प्रशासन संगठन के ओएसडी डॉ. प्रजापति नौटियाल ने बताया कि सुबह से लेकर शाम पांच बजे तक 6,177 यात्रियों ने ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कराया। यह संख्या 17 अप्रैल से लेकर अभीतक सर्वाधिक रही। बताया कि यात्रियों के विश्राम, भोजन और चाय नाश्ते के लिए भी ट्रांजिट केंद्र में इंतजाम हैं। वहीं, संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति की 17 बसों में 544 यात्री शनिवार को धामों के लिए रवाना हुए। समिति के प्रभारी नवीन तिवारी ने बताया कि 18 अप्रैल से अभीतक 288 बसों में 8,882 यात्री ऋषिकेश से चारधाम के लिए जा चुके हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

