ऋषिकेश,02 मई (आरएनएस)। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने वित्तीय स्वीकृति मिलने के बावजूद कार्यों में देरी पर विद्युत विभाग के अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रस्तावित कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। शनिवार को बैराज मार्ग स्थित कैंप कार्यालय में विधायक ने विद्युत विभाग के अधिकारियों संग बैठक की। बैठक में रूप से 33/11 केवी सब स्टेशन ऋषिकेश के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई, जिसकी अनुमानित लागत 19.60 करोड़ रुपये है। इस परियोजना के पूर्ण होने से लगभग 50,000 विद्युत उपभोक्ताओं को आगामी 10 वर्षों तक सुचारु विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा। इससे त्रिवेणी घाट, गंगानगर, आवास विकास, गुमानीवाला, अमित ग्राम, बापू ग्राम सहित अनेक क्षेत्रों को लाभान्वित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 33/11 केवी सब स्टेशन रायवाला एवं हरिद्वार भूपतवाला से पोषित 33 केवी लाइन तथा हरिपुर कला स्टेशन के मध्य लिंक लाइन कवर कंडक्टर कार्यों की भी जानकारी ली गई, जिसकी अनुमानित लागत 6.50 करोड़ रुपये है। यह कार्य आगामी कुंभ 2027 के दौरान ऋषिकेश एवं हरिद्वार के बीच आपातकालीन परिस्थितियों में विद्युत आदान-प्रदान सुनिश्चित करेगा। साथ ही हरिपुर कला, रायवाला एवं छिद्दरवाला क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति को मजबूती देगा। बैठक में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता (ग्रामीण) वीके सिंह, अधिशासी अभियंता शक्तिप्रसाद, उपखंड अधिकारी हरिद्वार रोड अर्चित कुमार, उपखंड अधिकारी रायवाला शशिकांत सिंह, जेई शैल बिहार दीपक राणा आदि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

