हरिद्वार,02 मई (आरएनएस)। एंजिल्स एकेडमी सीनियर सेकेंड्री स्कूल में आयोजित शिक्षक-प्रशिक्षण कार्यशाला में शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण, अनुशासन और कक्षा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यशाला में उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के मूल्य चेतना प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ. विनय सेठी ने विशेषज्ञ के रूप में मार्गदर्शन किया। डिजिटल युग में शिक्षकों की जिम्मेदारी: डॉ. सेठी ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से कहा कि डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में विद्यार्थियों को सही और प्रामाणिक जानकारी देना शिक्षकों की बड़ी जिम्मेदारी है। साथ ही कक्षा में अनुशासन बनाए रखना भी चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। उन्होंने सीबीएसई और शिक्षा का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों का उल्लेख करते हुए शिक्षकों के व्यवहार, धैर्य, सकारात्मक सोच और प्रभावी कक्षा प्रबंधन पर जोर दिया।
शिक्षकों के लिए प्रेरणादायक संदेश: उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के उदाहरण देते हुए कहा कि शिक्षक का आचरण ही विद्यार्थियों के लिए सबसे बड़ा संदेश होता है। उन्होंने आदर्श शिक्षक के गुणों-अनुशासन, आत्मसंयम, निष्पक्षता, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता पर विशेष प्रकाश डाला। विद्यालय की प्रधानाचार्या रश्मि चौहान ने कार्यशाला को शिक्षकों के लिए उपयोगी बताया, वहीं मैनेजिंग डायरेक्टर पुष्पेंद्र चौहान ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिक्षकों को नई दिशा देते हैं। उपप्राचार्य बीपी उपाध्याय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यशाला में सभी शिक्षकों ने इसे प्रेरणादायक बताते हुए अपने शिक्षण में अपनाने का संकल्प लिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

