मिल्कीपुर-अयोध्या ,02 मई (आरएनएस)। खण्डासा थाना क्षेत्र के थमौली भजन टिकरा गांव में शनिवार सुबह दीवार निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए, जिनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। थमौली भजन टिकरा निवासी हृदय राम ने खण्डासा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके घर की दीवार का निर्माण कार्य चल रहा था। दीवार के बगल से गांव का रास्ता भी है। शनिवार सुबह करीब 8 बजे गांव के ही चार लोग मौके पर पहुंचे और दीवार को गिराने लगे। जब उनके बेटे लवकुश ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे लात-घूंसों और डंडों से पीटना शुरू कर दिया। हृदय राम के अनुसार, शोर सुनकर उनका दूसरा बेटा ओमप्रकाश भी मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोपियों ने उसे भी नहीं छोड़ा और जमकर मारपीट की। पीडि़त परिवार का कहना है कि जब गांव के अन्य लोग मौके पर जुटने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। वहीं, इस मामले में खण्डासा थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला रास्ते से ठेला निकालने के दौरान दीवार से ठेला टच होने को लेकर शुरू हुआ, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी और फिर मारपीट हो गई। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

