*चिकित्सक के अनुपस्थित रहने की ग्रामीणों ने की शिकायत
लालगंज, मीरजापुर ,02 मई (आरएनएस)। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने शनिवार को क्षेत्र के लहंगपुर स्थित नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया और मरीजों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि केंद्र पर मलेरिया, टीबी व बुखार से संबंधित जांच व उपचार की सुविधा मिल रही है। वहीं क्षेत्र में गेहूं क्रय केंद्र पर खरीद भी लगातार जारी रहने की जानकारी दी गई। इसके बाद जिलाधिकारी ने लालगंज के खजूरी प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां पठन-पाठन की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए कहा कि शिक्षक नए मॉडल के माध्यम से बच्चों को बेहतर शिक्षा दे रहे हैं। लहंगपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ मनोज कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर नियमित ओपीडी संचालित की जा रही है। फार्मासिस्ट महेंद्र मौर्य ने बताया कि आज 100 मरीज ओपीडी में उपचार करायें हैं। मरीजों को दवाओं का वितरण व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है। स्थानीय निवासी महेंद्र चौबे ने कहा कि लहंगपुर में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने से अब लालगंज का चक्कर नहीं लगाना पड़ता और यहीं पर नियमित जांच हो जाती है। वहीं लहंगपुर क्षेत्र के कोल्हुआ गांव निवासी सिद्धनाथ दुबे ने शिकायत किया की चिकित्सक की ड्यूटी लहंगपुर में लगाई गई है लेकिन ड्यूटी पर कभी कभार आते हैं। चिकित्सक के अनुपस्थित रहने पर क्षेत्र की गरीब जनता को स्वास्थ्य सुविधाएं में दिक्कत होती है। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ सीएल वर्मा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉक्टर संजय सिंह, वार्ड बॉय प्रदीप कुमार राय, सदानंद सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

