लखनऊ ,02 मई (आरएनएस)। राजधानी के थाना सुशान्त गोल्फ सिटी क्षेत्र में जमीन कब्जाने के लिए रचे गए एक सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में अपहरण, नशीला पदार्थ पिलाकर अचेत करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देकर जमीन हड़पने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।यह कार्रवाई वादिनी रीता सैनी निवासी मोहारीकलां, थाना गोसाईगंज की तहरीर पर पंजीकृत मु0अ0सं0-276/2026 के तहत की गई। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने एक संगठित गिरोह बनाकर उनके पति हरिओम शिव वनमाली को निशाना बनाया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की और तकनीकी व मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई शुरू की।जांच के दौरान पुलिस टीम ने सरयू अपार्टमेंट, सुशान्त गोल्फ सिटी में दबिश दी, जहां से मुख्य आरोपी सुनील शुक्ला और उसकी सहयोगी आकांक्षा पाण्डेय को गिरफ्तार किया गया। दोनों को घटना में प्रयुक्त काले रंग की फार्च्यूनर कार (क्क32क्कञ्ज2575) सहित हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।पूछताछ में सामने आया कि आरोपी “शुभ मंगलम इन्फ्रा” के नाम से जमीन का कारोबार करते हैं और मोहारीकलां गांव में अपनी साइट चला रहे थे। हरिओम शिव वनमाली की जमीन खरीदने के लिए उन्होंने पहले काफी प्रयास किए, लेकिन उनकी पत्नी द्वारा मना किए जाने के बाद आरोपियों ने साजिश रच डाली। उन्होंने गांव के ही राजू और नरेन्द्र कुमार को अपने साथ मिलाकर योजना बनाई।28 अप्रैल 2026 को आरोपियों ने हरिओम को बहाने से बुलवाया और अपनी कार में बैठाकर गोसाईगंज क्षेत्र में ले गए, जहां उसे शराब पिलाई गई। पूरे दिन उसे कार में घुमाने के बाद शाम के समय शराब में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया, जिससे वह अचेत हो गया। इसके बाद आरोपी उसे एक गेस्ट हाउस ले गए, जहां उसकी अचेत अवस्था में अश्लील वीडियो और फोटो बनाए गए। योजना के तहत अगले दिन उसे ब्लैकमेल कर जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाना था और बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने की तैयारी थी।लेकिन पीडि़त की पत्नी रीता सैनी ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी, जिससे पूरा षड्यंत्र उजागर हो गया। पुलिस ने जांच के दौरान संकलित साक्ष्यों के आधार पर कुछ धाराओं में संशोधन करते हुए धारा 248(2) बीएनएस की वृद्धि की है।गिरफ्तार आरोपी सुनील शुक्ला (35 वर्ष) निवासी पटेल नगर, नीलमथा और आकांक्षा पाण्डेय (30 वर्ष) निवासी सरयू एन्क्लेव, सुशान्त गोल्फ सिटी हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सुनील शुक्ला के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि आकांक्षा पाण्डेय के खिलाफ यह पहला मामला सामने आया है।मामले में अन्य आरोपी राजू पुत्र शोभनाथ और नरेन्द्र कुमार पुत्र ईश्वरदीन निवासी मोहारीकलां अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के अनुसार, इस प्रकार के संगठित अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इस प्रकार की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

