लखनऊ ,02 मई (आरएनएस)। ज्येष्ठ माह में आयोजित होने वाले बड़े मंगल के पावन अवसर को इस वर्ष स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जोडऩे के उद्देश्य से नगर निगम ने विशेष पहल की है। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शहरवासियों और भंडारा आयोजकों से “जीरो वेस्ट बड़ा मंगल भंडारा” आयोजित करने की अपील करते हुए कहा कि लखनऊ की यह परंपरा चार सौ वर्षों से अधिक पुरानी है और सेवा, समर्पण तथा सामाजिक एकता की मिसाल रही है। अब समय है कि इसे पर्यावरण संरक्षण के साथ जोड़कर और अधिक आदर्श बनाया जाए।नगर आयुक्त ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लगने वाले इन भंडारों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद और जल ग्रहण करते हैं। ऐसे में यह आवश्यक है कि आयोजन पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल हों। उन्होंने आयोजकों से प्लास्टिक और थर्माकोल के उपयोग से बचने तथा पत्तल और मिट्टी के कुल्हड़ों का प्रयोग करने की अपील की, जिससे परंपरा के साथ-साथ प्रकृति का भी संरक्षण हो सके।
महापौर सुषमा खर्कवाल के निर्देश पर नगर निगम ने भंडारा आयोजकों के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया है। आयोजकों से कहा गया है कि वे अपने कार्यक्रम की सूचना कम से कम 24 घंटे पहले नगर निगम के कंट्रोल रूम नंबर 1533 पर दें। इसके साथ ही लखनऊ वन ऐप के “स्वच्छ जीरो वेस्ट” विकल्प के माध्यम से भी पंजीकरण किया जा सकता है। इससे सफाई और कचरा प्रबंधन में बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा जलकल विभाग द्वारा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी भंडारा स्थलों पर सुनिश्चित की जाएगी।ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त ने कहा कि लाउडस्पीकर का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा के भीतर ही किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कचरा प्रबंधन को इस अभियान की सफलता का प्रमुख आधार बताते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि भंडारा स्थलों पर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन लगाए जाएं। श्रद्धालुओं को भी जागरूक किया जाए कि वे भोजन के बाद कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें। इसके लिए स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है, जो व्यवस्था बनाए रखने के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करेंगे।नगर आयुक्त ने यह भी सुझाव दिया कि भंडारा स्थलों पर जागरूकता से जुड़े संदेशों वाले पोस्टर लगाए जाएं, जैसे “हनुमान जी की सच्ची भक्ति स्वच्छता में है” और “उतना ही लें थाली में, जो न जाए नाली में”, जिससे लोगों में जिम्मेदारी की भावना विकसित हो और भोजन की बर्बादी रोकी जा सके।नगर निगम द्वारा इस पहल को सफल बनाने के लिए क्षेत्रवार जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे और विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। भंडारों के दौरान निरीक्षण भी किया जाएगा और नियमों का पालन न करने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, विभिन्न जोनों में “आदर्श भंडारा” प्रतियोगिता का आयोजन कर बेहतर व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा।नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी मिलकर “जीरो वेस्ट बड़ा मंगल भंडारा” की इस पहल को अपनाते हैं, तो लखनऊ को स्वच्छ और सुंदर बनाने का लक्ष्य अवश्य प्राप्त होगा।
नगर निगम ने स्वच्छता संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, जिन पर संपर्क कर नागरिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। अंत में नगर आयुक्त ने अपील की कि जहां भी भंडारा आयोजित किया जा रहा हो, उसकी पूर्व सूचना अवश्य दें, ताकि नगर निगम द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जा सकें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

