लखनऊ/नई दिल्ली ,02 मई (आरएनएस)। बसपा सुप्रीमो मायावती ने ने देश में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में एकमुश्त 993 रुपये की बढ़ोतरी पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इस बढ़ोतरी से जुड़ी खबरें इलेक्ट्रॉनिक समेत सभी मीडिया में प्रमुखता से सामने आ रही हैं और इससे आम लोगों में बेचैनी का माहौल बन गया है।उन्होंने आशंका जताई कि जल्द ही रसोई गैस, पेट्रोल और डीज़ल सहित अन्य पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में भी वृद्धि हो सकती है, जिससे आमजन का आर्थिक बोझ और बढ़ेगा। मायावती ने कहा कि देश पहले से ही महंगाई से जूझ रहा है और ऐसे में इस प्रकार की मूल्य वृद्धि गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है।मायावती ने अपने बयान में कहा कि इस बढ़ोतरी के पीछे चाहे अंतरराष्ट्रीय कारण हों, जैसे अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच तनाव, या अन्य कोई वजह, लेकिन सरकार को जनहित को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि जिस प्रकार विधानसभा चुनावों के दौरान पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों को नियंत्रित रखा गया था, उसी नीति को वर्तमान में भी जारी रखा जाना चाहिए।उन्होंने विशेष रूप से राजधानी दिल्ली का उल्लेख करते हुए कहा कि नई दरों के अनुसार वहां कमर्शियल सिलेंडर की कीमत लगभग तीन हजार रुपये से अधिक हो जाएगी, जो छोटे कारोबारियों और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव डालेगी।मायावती ने सरकार से अपील की कि वह पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी से पहले उसके व्यापक सामाजिक और आर्थिक प्रभाव का गंभीरता से आकलन करे और ऐसी नीतियां बनाए, जिससे आम जनता को राहत मिल सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

