लखनऊ,02 मई (आरएनएस)। अखिलेश यदाव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है, जबकि रुपया डॉलर के मुकाबले लगातार गिर रहा है और सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।शनिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और नेताओं से भेंट के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और लूट अपने चरम पर पहुंच चुकी है। हर विभाग में बजट की लूट हो रही है और जनता भाजपा की नीतियों से त्रस्त है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब भाजपा के खिलाफ खड़ी हो चुकी है और पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) समाज समाजवादी पार्टी के साथ एकजुट है, जिससे भाजपा घबराई हुई है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का रवैया संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में हार के डर से भाजपा बौखलाहट में है और भ्रामक प्रचार का सहारा ले रही है। महिला आरक्षण कानून को लेकर भी उन्होंने भाजपा पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि संसद में पारित कानून को भी सही तरीके से लागू नहीं किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है और “झूठ और लूट” उसकी पहचान बन चुकी है। प्रीपेड और स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता की जेब से पैसे वसूले जा रहे हैं और तकनीक का दुरुपयोग कर बिजली विभाग में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब जनता भाजपा की “चोरी” को समझ चुकी है और इसके खिलाफ आक्रोश सड़कों पर दिखाई दे रहा है।अखिलेश यादव ने तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि जब स्मार्ट मीटर के जरिए आर्थिक नुकसान संभव है, तो ईवीएम के जरिए वोट की चोरी की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने सरकार पर निर्दोष लोगों को परेशान करने और अन्याय करने का भी आरोप लगाया।पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर को मजबूत किया जाए और पीडीए समाज के साथ मिलकर संगठन को और सशक्त बनाया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है।उन्होंने वादा किया कि सत्ता में आने पर समाजवादी पार्टी पढ़ाई और दवाई को मुफ्त करेगी। केजी से पीजी तक छात्राओं की शिक्षा निशुल्क की जाएगी और महिलाओं के लिए “महिला सम्मान योजना” लागू की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

