लखनऊ/नई दिल्ली ,02 मई (आरएनएस)। आप नेता संजय सिंह ने मजदूर दिवस के अवसर पर गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होते ही भाजपा सरकार ने अपनी असलियत दिखाते हुए गरीबों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों पर आर्थिक बोझ डाल दिया है।संजय सिंह ने कहा कि पूरे चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री और भाजपा नेता महंगाई कम करने और गरीबी दूर करने के नाम पर जनता को गुमराह करते रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के बीच जाकर संवेदना दिखाना, उनके साथ भोजन करना या छोटे-छोटे प्रतीकात्मक कदम उठाना केवल एक राजनीतिक रणनीति थी, जिसका उद्देश्य वोट हासिल करना था।उन्होंने कहा कि चुनाव समाप्त होते ही सरकार का असली चेहरा सामने आ गया। मजदूर दिवस जैसे महत्वपूर्ण दिन पर 5 किलो के गैस सिलेंडर की कीमत में 261 रुपये की वृद्धि कर दी गई, जिससे झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोग, मजदूर और छात्र सबसे अधिक प्रभावित होंगे। ये वर्ग अपनी दैनिक जरूरतों के लिए छोटे सिलेंडर पर ही निर्भर रहते हैं।संजय सिंह ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपये की बढ़ोतरी को भी गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि इसका सीधा असर छोटे दुकानदारों, ठेले वालों और चाय विक्रेताओं पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय छोटे कारोबारियों की कमर तोडऩे वाला है और इससे बाजार में महंगाई और तेज़ी से बढ़ेगी।उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों को गरीब और मजदूर विरोधी बताते हुए कहा कि भाजपा चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही उन्हीं लोगों पर आर्थिक बोझ डालती है। यह जनता के साथ विश्वासघात है।संजय सिंह ने नागरिकों से अपील की कि वे सरकार के वादों और नीतियों का गंभीरता से मूल्यांकन करें और सतर्क रहें, ताकि भविष्य में इस तरह के धोखे से बचा जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

