लखनऊ ,02 मई (आरएनएस)। थाना महिगवां क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुर में करंट लगने से युवक की मौत के बाद शनिवार को तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसे पुलिस और प्रशासन की सक्रियता से समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 01 मई 2026 को ग्राम पहाड़पुर निवासी अमित शर्मा (28 वर्ष) की गांव के ही एक खेत में अवैध रूप से प्रवाहित विद्युत करंट की चपेट में आने से मृत्यु हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही थाना महिगवां पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचायतनामा सहित अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही नियमानुसार पूरी कराई गई।घटना के दूसरे दिन 02 मई 2026 को मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने मृतक का शव गांव से बीकेटी रोड स्थित संबंधित पक्ष के घर के सामने रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर लगभग 400 से 500 लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सूचना मिलते ही उच्चाधिकारी पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से लगातार संवाद स्थापित कर उन्हें शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने के लिए समझाया। साथ ही लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे से दूर रहने की अपील की गई।पुलिस और प्रशासन की सूझबूझ और सतत वार्ता के चलते स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई, जिसके चलते धरना-प्रदर्शन समाप्त करा दिया गया।इसके बाद परिजनों द्वारा मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और कानून-व्यवस्था कायम है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

