साइबर थाने में एफआईआर
प्रयागराज,02 मई (आरएनएस)। आईपीएस अफसर की एआई जनरेटेड तस्वीरें, वीडियो पोस्ट करने के मामले में केस दर्ज किया गया है। साइबर थाने में एक्स हैंडल के नाम से यह एफआईआर लिखी गई है। इस एक्स हैंडल चिराग पटेल के नाम से बनाया गया है।
एफआईआर साइबर सेल में तैनात एसआई स्वतंत्र कुमार ने दर्ज कराई है। उन्होंने तहरीर में बताया है कि 28 अप्रैल को सोशल मीडिया प्लेटफार्म का अवलोकन करते समय मेरे संज्ञान में एक ट्विटर हैंडल (नाम चिराग पटेल) आया। इसके कुछ पोस्ट्स की सामग्री का परीक्षण करने पर यह स्पष्ट होता है कि अज्ञात व्यक्ति ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रयोग करते हुए इन्हें भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी का अशोभनीय, अश्लील चित्रण व महानुभावों के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी कर उनकी छवि को धूमिल करने, प्रतिष्ठा को क्षति पहुंचाने एवं जनमानस में भ्रम फैलाने के उद्देश्य से पोस्ट किया है।
एसआई की ओर से दी गई तहरीर में इसका तो जिक्र है कि संबंधित अकाउंट से किस तरह के पोस्ट किए जा रहे हैं। हालांकि इसमें उस आईपीएस अफसर का नाम नहीं बताया गया है, जिसे लेकर यह पोस्ट किए गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार चिराग पटेल नाम से उक्त अकाउंट की प्रारंभिक जांच पड़ताल में यह पाया गया कि इस अकाउंट को मार्च में बनाया गया। इस पर आईपीएस अफसर के साथ-साथ कई अन्य एआई जनरेटेड पोस्ट डाली गई। इनमें तस्वीरें व वीडियो शामिल हैं। फिलहाल आईपीएस अफसर के संबंध में किए गए चारों पोस्ट्स इस अकाउंट से हटा दिए गए हैं।
साइबर थाना प्रभारी ओम नारायण गौतम ने बताया कि एक्स इंडिया को ईमेल भेजकर अकाउंट से संबंधित जानकारी मांगी गई है। अकाउंट ब्लॉक करने की भी रिपोर्ट भेजी जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

