—- प्रदेश सरकार बुद्ध विहार एवं अम्बेडकर स्मारकों के संरक्षण एवं विकास हेतु दृढ़ संकल्पित:- ब्रजेश पाठक।
कुशीनगर, 02 मई (आरएनएस)। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भगवान तथागत बुद्ध का शांति, करुणा और अहिंसा का संदेश आज पूरे विश्व के लिए पहले से अधिक प्रासंगिक है। वर्तमान समय में जब विश्व युद्ध और अशांति की विभीषिका से जूझ रहा है, तब भगवान बुद्ध के बताए मार्ग पर चलकर ही स्थायी शांति स्थापित की जा सकती है।
डिप्टी सीएम श्री मौर्य बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर कुशीनगर में आयोजित कार्यक्रम में शरीक रहे। उन्होंने कहा कि भगवान तथागत बुद्ध ने मानवता को शांति का मार्ग दिखाया और भारत ने विश्व को युद्ध नहीं, बल्कि बुद्ध का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक स्तर पर भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को नए विस्तार के साथ स्थापित कर रहा है।उन्होंने कहा कि कुशीनगर, श्रावस्ती, सारनाथ, संकिसा, कौशांबी सहित भगवान बुद्ध से जुड़े सभी पवित्र स्थलों का अभूतपूर्व विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुआ है। एयर, रोड और रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ कर इन स्थलों को वैश्विक बौद्ध पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाई गई है। उन्होंने कहा कि कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को और अधिक सक्रिय बनाए जाने के लिए प्रदेश सरकार पूरी गंभीरता से प्रयासरत है, ताकि विश्वभर से आने वाले बौद्ध श्रद्धालुओं को अधिक सुविधा मिल सके। उन्होंने अपने रूस प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष लेकर रूस के काल्मिकिया गणराज्य भेजा था। वहां जिस प्रकार श्रद्धा और सम्मान के साथ भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों का स्वागत हुआ। वह भारत की आध्यात्मिक शक्ति और भगवान बुद्ध के प्रति वैश्विक आस्था का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि लगभग 40 बौद्ध देशों के साथ भारत के संबंधों की गहराई बढ़ाने में भगवान बुद्ध की शिक्षाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। डिप्टी सीएम ने कहा कि उन्हें सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य एवं सम्राट अशोक महान की गौरवशाली विरासत पर गर्व है।सम्राट अशोक ने भगवान बुद्ध के संदेश को विश्वभर में पहुंचाया था और आज प्रधानमंत्री मोदी उसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए विश्व शांति और मानव कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की चर्चा भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के उल्लेख के बिना अधूरी है। बाबा साहब ने भगवान बुद्ध के विचारों को सामाजिक समरसता और न्याय के साथ जोड़ा तथा समाज को नई दिशा दी। उन्होंने बौद्ध अनुयायियों से आह्वान किया कि वे भगवान बुद्ध के विचारों को गांव-गांव, गली-गली तक पहुंचाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। श्री मौर्य ने कार्यक्रम में उपस्थित भंतेगणों, बौद्ध अनुयायियों एवं जनप्रतिनिधियों का अभिवादन करते हुए बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को उपस्थित उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भगवान बुद्ध का संदेश आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि कोई भी लड़ाई युद्ध से नही बुद्ध के संदेशों से ही जीता जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में लगातार बुद्ध के संदेशों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भगवान बुद्ध से जितने भी जुड़े हुए स्थानों, स्मारकों तथा बाबा साहब अम्बेडकर के स्मारकों, मूर्तियों के विकास के लिए दृढ़ संकल्प है। उन्होंने समस्त विधायकों से अपील किया कि अपने निधि से उक्त स्थलों का विकास करना सुनिश्चित करें। डिप्टी सीएम ने श्रमिक दिवस की बधाई भी दी। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों उप मुख्यमंत्रियों को एक साथ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा कुशीनगर आगमन पर पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया एवं बौद्ध भिक्षु संघ के अध्यक्ष ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक खडडा विवेकानंद पांडेय, रामकोला विनय प्रकाश गौंड, हाटा मोहन वर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि, जिलाध्यक्ष भाजपा सहित अन्य जन प्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

