जौनपुर ,02 मई (आरएनएस)। मडिय़ाहूँ क्षेत्र से जुड़े एक चर्चित दुष्कर्म प्रकरण में पीडि़ता एवं उसकी ओर से न्यायालय में पैरवी कर रहे अधिवक्ता ने धमकी मिलने की शिकायत दर्ज कराई है। मामले को लेकर शनिवार को जौनपुर कोतवाली में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, संबंधित दुष्कर्म प्रकरण पूर्व से न्यायालय में विचाराधीन है। पीडि़ता का आरोप है कि मुकदमे के संबंध में उस पर लगातार समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। वहीं अधिवक्ता ने भी अपनी तहरीर में उल्लेख किया है कि मुकदमे की पैरवी से जुड़े कारणों को लेकर उन्हें कथित रूप से धमकियां दी जा रही हैं। अधिवक्ता का कहना है कि इस प्रकार की शिकायतों से न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न होती है, इसलिए मामले में निष्पक्ष जांच आवश्यक है। पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच प्रारंभ कर दी है।इस घटनाक्रम के बाद मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है। अब निगाहें पुलिस जांच और आगे की विधिक कार्रवाई पर टिकी हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

