जौनपुर ,02 मई (आरएनएस)। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गडिय़ावा (रामनगर) गांव में प्रेम संबंधों के बाद विवाह के ढेड माह बाद एक नई नवेली दुल्हन को दहेज के लिए मार डालने का आरोप ससुरालीजनो पर लगा है। पुलिस ने भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।पवांरा थाना क्षेत्र के कुड़ुरिया गांव निवासी राजीव पटेल पुत्र प्यारे लाल पटेल ने मुंगराबादशाहपुर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसकी बहन अन्तिमा पटेल (20) पुत्री प्यारे लाल पटेल ने बीते 16 मार्च 2026 को मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गडिय़वा गांव निवासी विकास पटेल के साथ कोर्ट मैरिज किया था । शादी के बाद से ही उसका पति विकास पटेल, सास ऊषा देवी, ननद गायत्री और मौसा श्यामलाल पटेल तथा मौसी आदि दहेज में 5 लाख रुपये नकद, मोटरसाइकिल, सोने की चैन व अंगूठी की मांग को लेकर अन्तिमा को लगातार प्रताडि़त कर रहे थे। मृतका के भाई राजीव पटेल ने बताया है कि रविवार 26 अप्रैल की रात करीब 12 बजे उन्हें रिश्तेदार के जरिए बहन के मौत की सूचना मिली। तब हम लोग आनन-फानन में गडिय़ावा पहुंचे तो वहां अंधेरा छाया हुआ था तथा घर की लाइटें बंद थीं और सन्नाटा पसरा था। अनहोनी की आशंका पर तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई । मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। सोमवार को थाने पहुंचे पीडि़त भाई राजीव पटेल ने पति सास ननद समेत पांच लोगों को आरोपित करते हुए नामजद तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।तहरीर के आधार पर थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार दुबे ने सभी नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत लिया है।इस सम्बन्ध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार दुबे ने बताया कि मृतका अंतिमा के भाई की तहरीर के आधार पर सभी नामजद आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी ।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

