जौनपुर ,02 मई (आरएनएस)। जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में मछलीशहर तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जनसामान्य की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। ग्राम कौरहा निवासी राजेंद्र प्रसाद सिंह ने प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर अवगत कराया कि गांव के रास्ते पर गिट्टी डालकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया है जिससे आवागमन में समस्या उत्पन्न हो रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से रास्ता खुलवाने का अनुरोध किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी मछलीशहर एवं थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि मौके पर जांच कराते हुए प्रकरण को निस्तारित किया जाए। शिव शंकर विश्वकर्मा निवासी घिसुआ मछलीशहर थाना मीरगंज ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि लगभग 50 वर्षों से प्रचलित मार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया है। उन्होंने मार्ग को पुन: बहाल कराने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित राजस्व निरीक्षक एवं थाना प्रभारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम अमाई थाना मीरगंज निवासी हरिलाल पुत्र रघुनाथ ने ग्राम सभा की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटवाने एवं रास्ता बनवाने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने इस मामले में उप जिलाधिकारी एवं नायब तहसीलदार को निर्देशित किया कि स्थलीय निरीक्षण कराते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रकरण के निस्तारण के निर्देश दिये गये। सुजानगंज निवासी रूपाली दुबे द्वारा केबल जल जाने के कारण सात दिन से विद्युत सप्लाई बंद होने के संबंध में शिकायत की गई जिस पर जिलाधिकारी ने एसडीओ विद्युत को जांच कर समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस के दौरान 109 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ। मुख्य विकास अधिकारी , ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार, डीडीओ, क्षेत्राधिकारी, बीडीओ, डीपीआरओ, आदि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

