अखंडनगर/सुल्तानपुर। जनपद के विकासखंड अखंड नगर अंतर्गत ग्राम पंचायत नरवारी में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) में एक बड़ी धांधली का मामला प्रकाश में आया है। यहाँ धरातल पर मजदूर न होने के बावजूद कागजों में 35 मजदूरों की फर्जी हाजिरी दर्ज की जा रही है।
हैरानी की बात यह है कि जब इस मामले को लेकर ग्राम प्रधान से संपर्क किया गया और जानकारी माँगी गई, तो उन्होंने स्वयं इस बात को स्वीकार किया। प्रधान ने स्पष्ट रूप से कहा कि मजदूर धरातल पर कार्य नहीं कर रहे हैं, लेकिन कागजों में उनकी हाजिरी लगाई गई है। प्रधान का यह बयान सरकारी धन के बंदरबांट और योजना में पारदर्शिता की कमी को उजागर करता है। इस गंभीर प्रकरण की जानकारी जब अखंड नगर की एपीओ को दी गई, तो उन्होंने मामले को संज्ञान में लिया। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि मनरेगा में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि फर्जी हाजिरी दर्ज करने का मामला सही पाया जाता है, तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह मामला सामने आने के बाद अब ब्लॉक प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रधान खुलेआम फर्जी हाजिरी की बात स्वीकार रहे हैं, तो इसकी गहन जांच होनी चाहिए कि आखिर यह खेल कब से चल रहा था और इसमें कौन-कौन शामिल है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

