धमतरी, 03 अप्रैल (आरएनएस)। धमतरी जिले में सोशल मीडिया पर वायरल हुए बोरई थाना क्षेत्र के एक वीडियो को लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी को सौंप दी है। वीडियो में थाना प्रभारी द्वारा एक व्यक्ति को थप्पड़ मारते हुए दिखाया गया है, जिसे पुलिस ने गंभीरता से लिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध गांजा तस्करी पर रोक लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर नाका चेकिंग की जा रही थी। बोरई थाना क्षेत्र में भी उड़ीसा से आने वाले संदिग्ध वाहनों की सघन जांच चल रही थी।
इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से आगे बढ़ गया। इस पर थाना प्रभारी ने उसका पीछा किया और बाजार क्षेत्र में वाहन को रुकवाया।
पुलिस के मुताबिक, वाहन चालक ने रुकने के बाद थाना प्रभारी को उकसाते हुए अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। इसी दौरान की आंशिक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जो पूरे घटनाक्रम को नहीं दर्शाता।
वीडियो पर पुलिस का पक्ष
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो अधूरा है और केवल एक हिस्से को दिखाता है। इसे कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से प्रसारित किया गया हो सकता है।
मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
धमतरी पुलिस ने आम जनता और मीडिया से अपील की है कि अधूरी या भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
त्रिपाठी
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

