रायपुर, 03 अप्रैल (आरएनएस)। रायपुर में बाइक सवार बदमाशों का आतंक बढ़ता जा रहा है। खासकर पुरानी बस्ती थाना और टिकरापारा इलाके में झपटमारी की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने लोगों में डर का माहौल बना दिया है। बदमाश चलते वाहनों से मोबाइल और पर्स छीनकर फरार हो रहे हैं। पुलिस ने मामलों में एफआईआर दर्ज कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
पहली घटना में दतरेंगा निवासी प्रेम सिंह 30 अप्रैल की सुबह बाइक से गोकुल नगर गौठान जा रहे थे। मुक्तिधाम के पास पीछे से आए तीन युवकों ने चलते वाहन में उनकी जेब से मोबाइल झपट लिया और फरार हो गए। जांच में एक आरोपी की पहचान शेख राजिक के रूप में हुई है।
दूसरी वारदात भी इसी क्षेत्र में हुई, जहां बोरियाखुर्द निवासी पोषण नागरची से बाइक सवार तीन बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया। पीडि़त ने आरोपियों की पहचान शेख राजिक, अलताफ खान और मुस्तकीम खान के रूप में की है।
तीसरी घटना में मठपारा निवासी कमला उपाध्याय शीतला चौक भाठागांव के पास झपटमारी का शिकार हुईं। दो बाइक सवार बदमाश उनका पर्स छीनकर फरार हो गए। इस दौरान संतुलन बिगडऩे से महिला सड़क पर गिर पड़ीं और उन्हें गंभीर चोटें आईं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

