रायपुर, 03 अप्रैल (आरएनएस)। रायपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आगामी चुनाव परिणामों को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया है। उन्होंने कहा कि 4 मई को आने वाले पांच राज्यों के चुनाव परिणामों का पूरे देश को इंतजार है और रुझान स्पष्ट रूप से भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में दिखाई दे रहे हैं।
अरुण साव ने पश्चिम बंगाल को लेकर कहा कि इस बार राज्य में सत्ता परिवर्तन तय है और भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी की सरकार ने आम जनता के बजाय घुसपैठियों का साथ दिया, जिससे जनता में नाराजगी है।
उन्होंने आगे कहा कि असम और पुडुचेरी में भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उनके मुताबिक, इन चुनावों में जनता का रुझान बदलाव की ओर है और इसका फायदा भाजपा को मिलेगा।
इधर, महंगाई को लेकर कांग्रेस द्वारा प्रदेशभर में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन पर भी उप मुख्यमंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को महंगाई पर सवाल उठाने से पहले अपनी नीतियों पर विचार करना चाहिए। साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं का झुकाव पाकिस्तान की ओर नजर आता है।
अरुण साव ने दावा किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में महंगाई की स्थिति अन्य देशों की तुलना में नियंत्रित है। उन्होंने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को राजनीतिक एजेंडा करार देते हुए उसकी आलोचना की।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

