बिलासपुर, 03 अप्रैल (आरएनएस)। बिलासपुर के बिलासा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए बहुप्रतीक्षित शाम की उड़ान सेवा 3 मई से शुरू होने जा रही है। लंबे समय से इस सुविधा की मांग की जा रही थी, जिसे अब एयरलाइंस द्वारा पूरा किया जा रहा है। नई सेवा को लेकर यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
फ्लाइट की बुकिंग शुरू होते ही यात्रियों की भारी प्रतिक्रिया सामने आई है। महज चार दिनों के भीतर टिकट का किराया 10 हजार रुपये से अधिक पहुंच गया, जबकि इसी समयावधि में रायपुर से दिल्ली का किराया अपेक्षाकृत कम बताया जा रहा है। इससे इस रूट पर उड़ान की जरूरत और मांग का अंदाजा लगाया जा सकता है।
एयरलाइन सूत्रों के अनुसार, उड़ान की 80 प्रतिशत से अधिक सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं। एलायंस एयर द्वारा संचालित यह सेवा फिलहाल सप्ताह में एक दिन, रविवार को शाम 6:45 बजे संचालित की जाएगी। 3 मई को इस फ्लाइट की पहली उड़ान बिलासपुर से दिल्ली के लिए रवाना होगी।
हालांकि, यात्रियों और स्थानीय संगठनों ने इस सेवा को सप्ताह में कम से कम दो दिन संचालित करने की मांग की है। उनका कहना है कि रविवार के साथ बुधवार को भी फ्लाइट चलाई जाए, ताकि अधिक लोगों को सुविधा मिल सके।
गौरतलब है कि बिलासपुर से दिल्ली के लिए शाम या तड़के सुबह उड़ान की मांग लंबे समय से उठ रही थी। अब इस सेवा के शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। यदि समय सारणी को नियमित और सुविधाजनक बनाया गया, तो इस रूट पर यात्रियों की संख्या में और वृद्धि हो सकती है।
0000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

