रामानुजगंज, 03 अप्रैल (आरएनएस)। रामानुजगंज में नारद जयंती के पावन अवसर पर जन चेतना कल्याण मंच एवं नई पहचान फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में भव्य पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि नारद जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार विकास अग्रवाल, प्रमोद मिश्रा, मनी पासवान एवं यशपाल दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का नेतृत्व जन चेतना कल्याण मंच के प्रदेश अध्यक्ष विकास दुबे एवं नई पहचान फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष पवन पांडे ने किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने नारद जयंती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पत्रकारिता की भूमिका को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताया। विकास दुबे ने कहा कि पत्रकारों को समय-समय पर सम्मानित करना आवश्यक है, जिससे वे निष्पक्ष और निर्भीक होकर जनहित में कार्य करते रहें। वहीं पवन पांडे ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए समाज में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
आयोजन समिति के सदस्य अमित गुप्ता ने कहा कि पत्रकारों का सम्मान करना वास्तव में समाज के प्रति सम्मान प्रकट करना है। कार्यक्रम के दौरान नगर में पत्रकार भवन निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इस संबंध में श्री पाण्डेय ने शासन से मांग करते हुए कहा कि पत्रकारों के लिए एक समुचित भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। साथ ही यह भी बताया गया कि इस विषय को क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम के समक्ष रखा जाएगा।
समारोह में विकाश केसरी, मनोज तिवारी, रवीश अग्रवाल, नंद कुशवाहा, सुनील ठाकुर, उज्जवल तिवारी, विष्णु पांडे, अनिल गुप्ता, पीयूष गुप्ता, अर्पित तिवारी एवं रागिब खान सहित कई पत्रकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन पवन पांडे एवं आभार प्रदर्शन अमित गुप्ता के द्वारा किया गया।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

