राँची 3 मई (आरएनएस)। भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए झारखण्ड प्रदेश शौण्डिक संघ ने आम जनमानस को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से नि:शुल्क प्याऊ सेवा की शुरुआत की है। संघ की कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए निर्णय के तहत वद्र्धमान कंपाउंड स्थित प्रदेश अध्यक्ष के आवास के समक्ष प्रथम प्याऊ का भव्य उद्घाटन किया गया। इस पुनीत कार्य का शुभारंभ राँची की महापौर रोशनी खलखो द्वारा किया गया। उद्घाटन के दौरान महापौर ने संघ के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि तपती गर्मी में राहगीरों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराना मानवता की सच्ची सेवा है। संघ द्वारा शहर के तीन अन्य स्थानों पर भी आज से प्याऊ सेवा प्रारंभ की गई है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सके। इस सेवा के अंतर्गत रमेश साहु द्वारा स्टील गिलास तथा रमण साहु एवं सुमन साहु द्वारा गुड़-चना की व्यवस्था सभी केंद्रों पर उपलब्ध कराई गई है। इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष सुनील साहू एवं महासचिव विद्याधर प्रसाद ने संयुक्त रूप से बताया कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए संघ द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था की जा रही है, ताकि राहगीरों को गर्मी से राहत मिल सके। कार्यक्रम के दौरान जयश्री साहु ने महापौर का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। मौके पर संरक्षक अरुण गुप्ता, कुमुद साहु, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उदय साहू सहित रमेश साहु, मयंक साहु, पंकज साहू, कुणाल शाह, अरुणदेव कुमार, कलिंदर साहू, दुर्गेश साहु, मुकेश साहू, सुमन साहू, संजय साहू, ओम प्रकाश साहु, आकाश अंकुर, दिलीप साहु, कुशेश्वर चौधरी, मिथिलेश साहु, नवल साहु, शिवेन्द्र जी, कृष्णा साहु समेत संघ के कई गणमान्य सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महासचिव ने सभी अतिथियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया। साथ ही समाज के अन्य वर्गों से भी इस तरह के परोपकारी कार्यों में आगे आने का आह्वान किया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

