रांची 3मई (आरएनएस)। झारखंड तंजीम के केंद्रीय अध्यक्ष शमशेर आलम ने संगठन के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए राज्य में चल रहे जनगणना कार्य को लेकर गंभीर चिंता और अपेक्षाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि देश में लंबे समय से जातीय जनगणना की मांग उठती रही है और अब जब यह प्रक्रिया शुरू हुई है, तो यह अत्यंत आवश्यक है कि इसे पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से झारखंड में मई 2026 से शुरू हुए जनगणना कार्य का जिक्र करते हुए कहा कि यह केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि आने वाले समय में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक भागीदारी तय करने का आधार है। इसलिए किसी भी समुदाय, खासकर अल्पसंख्यक समाज के एक भी व्यक्ति का नाम छूटना गंभीर चिंता का विषय होगा। आलम ने कहा कि जिस तरह झारखंड तंजीम ने स्ढ्ढक्र के मुद्दे पर मुखर होकर निष्पक्षता और पारदर्शिता की मांग की थी, उसी तरह संगठन जनगणना प्रक्रिया पर भी सतर्क निगाह रखेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएं और सुनिश्चित करें कि हर व्यक्ति तक जनगणना की जानकारी पहुंचे।
उन्होंने समाज के सभी वर्गों बुद्धिजीवियों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संगठनों और राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण कार्य में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करें और लोगों को जागरूक बनाएं। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। अपने संबोधन में आलम ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे घर-घर जाकर लोगों को जनगणना के महत्व के बारे में बताएं, उन्हें सही जानकारी देने के लिए प्रेरित करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यक्ति किसी कारणवश इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर कहीं किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है, तो संगठन उसे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का काम करेगा। अंत में उन्होंने कहा कि “हमारा उद्देश्य केवल आंकड़े बढ़ाना नहीं, बल्कि अपने समाज के हर व्यक्ति को उसका हक दिलाना है। जनगणना में सही भागीदारी ही हमारे भविष्य की दिशा तय करेगी।” झारखंड तंजीम सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और एक जागरूक समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। इस बैठक में मुख्य रूप से तनवीर गद्दी, सरवर खान, फहीम अहमद, महबूब आलम, अनवर हुसैन, जावेद अख्तर, राशिद अली, सोहेल खान फिरोज अली, जाहिद राजा अंसारी, सलीम अंसारी, जुनेद आलम अंसारी आदि संगठन के विभिन्न इलाकों के कार्यकर्ता मौजूद थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

